Loading story
रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए राज्य प्रशासनिक सेवा के 125 अधिकारियों का तबादला किया है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से 29 सितंबर 2026 को जारी आदेश में अपर कलेक्टर, संयुक्त कलेक्टर, डिप्टी कलेक्टर सहित विभिन्न पदों पर कार्यरत अधिकारियों को नई पदस्थापना दी गई है।
तबादला सूची में प्रदेश के कई जिलों के अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। इसके साथ ही रायपुर नगर निगम, नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण (NRDA), रायपुर विकास प्राधिकरण (RDA) और अन्य विभागों एवं संस्थानों में भी अधिकारियों की नई पदस्थापना की गई है।
तबादला आदेश के अनुसार सुरेंद्र प्रसाद वैद्य कोरिया के अपर कलेक्टर पद से स्थानांतरित होकर बालोद के अपर कलेक्टर बनाए गए हैं। वहीं चंद्रकांत कौशिक को बालोद से सारंगढ़-बिलाईगढ़ तथा सुनील कुमार नायक को सरगुजा से जशपुर का अपर कलेक्टर बनाया गया है।
इसी तरह राजेश कुमार पात्रे को दंतेवाड़ा के अपर कलेक्टर पद से हटाकर नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण में प्रबंधक की जिम्मेदारी दी गई है। राजीव कुमार पांडेय को उच्च शिक्षा संचालनालय में अपर संचालक के पद से जशपुर का अपर कलेक्टर बनाया गया है।
तबादला सूची में रायपुर से जुड़े कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। रवि राही को रायगढ़ के अपर कलेक्टर पद से स्थानांतरित कर रायपुर नगर निगम में अपर आयुक्त बनाया गया है।
वहीं अतुल विश्वकर्मा को नवा रायपुर में संयुक्त आयुक्त, भू-अभिलेख के पद से रायपुर नगर निगम में अपर आयुक्त की जिम्मेदारी दी गई है। ऋचा शर्मा को पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के अवर सचिव पद से रायपुर नगर निगम में उपायुक्त बनाया गया है।
इसके अलावा नितिन तिवारी को बिलासपुर के डिप्टी कलेक्टर पद से नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण में प्रबंधक बनाया गया है। गोविंद कुमार सिन्हा को नारायणपुर के डिप्टी कलेक्टर पद से स्थानांतरित कर छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड, रायपुर में मुख्य कार्यपालन अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है।
तबादला आदेश में सरगुजा संभाग के अधिकारियों की पदस्थापना में भी बदलाव किया गया है। सुनील नायक को जशपुर, राम सिंह ठाकुर को सूरजपुर और प्रताप विजय कुमार खेस को सरगुजा का नया अपर कलेक्टर बनाया गया है।
इसके अलावा संयुक्त कलेक्टर और डिप्टी कलेक्टर स्तर के कई अधिकारियों को भी अलग-अलग जिलों में नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।
सामान्य प्रशासन विभाग के आदेश के अनुसार संबंधित अधिकारियों को अपनी नई पदस्थापना पर कार्यभार ग्रहण करने और पालन प्रतिवेदन विभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
राज्य प्रशासनिक सेवा के 125 अधिकारियों के एक साथ तबादले से प्रदेश के कई जिलों और महत्वपूर्ण प्रशासनिक संस्थानों में अधिकारियों की जिम्मेदारियों में व्यापक बदलाव हुआ है।
Leave Your Comment