Loading story
धरमजयगढ़- बिलासपुर के सरकंडा स्थित बाल संप्रेक्षण गृह में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब यहां निरुद्ध 18 वर्षीय शुभम अगरिया की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ क्षेत्र के किरमिडांड गांव का रहने वाला बताया गया है।
जानकारी के मुताबिक शुभम को एक नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप के मामले में रायगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार किया था। न्यायालय के आदेश के बाद उसे 15 अगस्त को रायगढ़ से बिलासपुर के बाल संप्रेक्षण गृह में स्थानांतरित किया गया था। यहां पहुंचने के कुछ ही दिनों बाद उसकी मौत की घटना सामने आई।
बाथरूम में मिला शव
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह युवक का शव बाल संप्रेक्षण गृह के बाथरूम में फंदे पर मिला। सूचना मिलते ही सरकंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत की वास्तविक परिस्थितियों को लेकर जांच जारी है। घटनास्थल से सुसाइड नोट मिलने की जानकारी नहीं है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
बाल संप्रेक्षण गृह जैसे संवेदनशील संस्थान में युवक की मौत के बाद वहां की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। इससे पहले भी इसी संस्थान से जुड़ी गंभीर घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
अब पुलिस जांच में यह महत्वपूर्ण होगा कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और घटना से पहले उसकी गतिविधियों तथा संस्थान में निगरानी व्यवस्था की क्या स्थिति थी।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
Leave Your Comment